Mumbai: एनसीपी प्रमुख और दिग्गज नेता शरद पवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 85 वर्षीय पवार की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। दो दिन पहले स्वास्थ्य में थोड़ी गिरावट महसूस होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां फिलहाल उनके रूटीन चेकअप और कुछ आवश्यक मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं।
मालूम हो कि है इसी साल फरवरी में पवार को सीने में संक्रमण और डिहाइड्रेशन की समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हाल ही में व्हीलचेयर पर बैठकर राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी और दिल्ली में मीडिया को भी संबोधित किया था।
उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने जानकारी दी है कि इन मेडिकल टेस्ट के चलते शरद पवार बारामती के अपने प्रस्तावित दौरे पर नहीं जा पाएंगे। बारामती में होने वाले उपचुनाव के चलते उनका यह दौरा राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण था। पार्टी कार्यकर्ताओं में पवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जरूर है, लेकिन पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्थिति चिंताजनक नहीं है। उन्होंने समर्थकों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है और उम्मीद जताई है कि एक-दो दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
Also Read : हीट वेव का नया चेहरा: दिन के बाद अब रातें भी बनीं चुनौती, क्या तैयार है भारत


