Patna : गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। बिहार से दिल्ली और बेंगलुरु के लिए तीन जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों से यात्रियों को टिकट की परेशानी और भीड़भाड़ से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। गर्मी की छुट्टियों की शुरुआत से पहले ही ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिलती है। कई बार यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता। इसी समस्या को देखते हुए रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। ये सभी ट्रेनें बरौनी रूट से होकर गुजरेंगी।
नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 04072/04071 नई दिल्ली–सुपौल स्पेशल ट्रेन का संचालन 15 जुलाई तक किया जाएगा। यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 9:35 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुपौल पहुंचेगी। वापसी में यह सुपौल से सुबह 7:45 बजे चलकर अगले दिन दोपहर 3 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा और अन्य प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
आनंद विहार–जोगबनी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 04008/04007 आनंद विहार–जोगबनी स्पेशल ट्रेन 18 अप्रैल से 11 जुलाई तक चलाई जाएगी। यह ट्रेन हर शनिवार आनंद विहार से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन जोगबनी पहुंचेगी। वापसी में यह जोगबनी से शाम 6:30 बजे चलकर तीसरे दिन सुबह 3 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। यह ट्रेन पूर्णिया, कटिहार, बरौनी, हाजीपुर और गोरखपुर जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
सहरसा–यशवंतपुर स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 05551/05552 सहरसा–यशवंतपुर स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है। यह ट्रेन 23 और 30 अप्रैल को सहरसा से चलाई जाएगी, जबकि यशवंतपुर से वापसी ट्रेन 19, 26 अप्रैल और 3 मई को चलेगी। यह ट्रेन किउल, झाझा, आसनसोल, खड़गपुर, भुवनेश्वर और विशाखापत्तनम जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
यात्रियों को मिलेगा लाभ
रेलवे के इस फैसले से गर्मी के मौसम में यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर बिहार से दिल्ली और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को सीट उपलब्धता की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
Also Read : रेलवे में बंपर भर्ती: 6365 टेक्नीशियन पदों पर जल्द निकलेगा नोटिफिकेशन


