Ranchi : झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव की मतगणना जारी है और परिणाम धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को पुरुष वर्ग की मतगणना में दूसरे चरण का रिजल्ट घोषित किया गया, जिसमें रांची सिविल कोर्ट से अभिषेक भारती और हाईकोर्ट से ललित यादव ने जीत दर्ज की है। दोनों प्रत्याशियों ने 677 वोट का आवश्यक आंकड़ा हासिल करते हुए जीत हासिल की। इससे पहले 13 अप्रैल को अब्दुल कलाम रशीदी पुरुष वर्ग में जीत दर्ज करने वाले पहले उम्मीदवार बने थे। मतगणना की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से चल रही है, जिसमें हर राउंड के बाद नए विजेताओं की घोषणा की जा रही है।
बार काउंसिल के इस चुनाव में चयनित होने के लिए 677 वोट प्राप्त करना अनिवार्य रखा गया है। पूरी कमिटी में कुल 18 पुरुष सदस्यों का चयन होना है, जबकि महिला वर्ग में पहले ही 5 उम्मीदवार जीत दर्ज कर चुकी हैं। अब शेष सीटों के लिए मतगणना जारी है और आने वाले दिनों में और परिणाम सामने आने की संभावना है। चुनाव परिणाम को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। रांची समेत पूरे राज्य के वकील समुदाय की नजरें अब आगे आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं।
Also Read : पिपरवार मुठभेड़ अपडेट : 15 लाख के इनामी सहित 4 नक्सली ढेर, AK-47 समेत हथियार बरामद


