Hazaribagh/Chatra : हजारीबाग जिले के खापिया जंगल में पिपरवार-केरेडारी सीमावर्ती इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। कोबरा कमांडो और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में चार नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में 15 लाख का इनामी शाहदेव महतो उर्फ अनुज, नताशा, बुद्धन करमाली और रंजीत गंझू शामिल हैं। ये सभी नक्सली संगठन में अलग-अलग जिम्मेदार पदों पर सक्रिय थे और लंबे समय से पुलिस के रडार पर थे।
खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि खापिया जंगल क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधि बढ़ी हुई है। इसी सूचना के आधार पर कोबरा बटालियन और हजारीबाग पुलिस की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। कुछ देर तक दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसके बाद चार नक्सली मौके पर ही मारे गए।
मुठभेड़ के बाद चलाया गया सर्च ऑपरेशन
मुठभेड़ खत्म होने के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने चारों नक्सलियों के शव बरामद किए। साथ ही घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान भी जब्त किए गए।
हथियारों का जखीरा मिला
पुलिस के अनुसार, मौके से दो एके-47 राइफल, एक कॉल्ट एआर-15 और एक इंसास राइफल बरामद हुई है। इसके अलावा जिंदा गोलियां और नक्सलियों के इस्तेमाल के कई अन्य सामान भी मिले हैं।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
मुठभेड़ के बाद आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी को खत्म किया जा सके। इस कार्रवाई को झारखंड पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
Also Read : BREAKING : पिपरवार में पुलिस के साथ मुठभेड़, इनामी शाहदेव सोरेन समेत 4 नक्सली ढेर


