Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी गांडेय विधायक कल्पना सोरेन को रांची के निवारणपुर स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर पहुंचे। यहां दोनों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य के लोगों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
पूजा के बाद निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
पूजा-अर्चना के बाद सीएम ने मंदिर में चल रहे नवनिर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की गति और गुणवत्ता को लेकर जानकारी ली। मंदिर नवनिर्माण समिति के सदस्यों ने उन्हें अब तक हुए कार्य और आगे की योजना के बारे में विस्तार से बताया। समिति के सदस्यों ने बताया कि तपोवन मंदिर को और भव्य और आकर्षक बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में यह स्थान धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन का केंद्र भी बन सके।
धार्मिक स्थलों के विकास पर सरकार का फोकस
सीएम ने कहा कि राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकता में है। ऐसे स्थानों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और स्थानीय स्तर पर भी विकास को बढ़ावा मिले।
Also Read : अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारंभ, सीएम बोले- फायर ब्रिगेड के जवानों का समर्पण समाज के लिए प्रेरणा

