Ranchi : राजधानी रांची में जन्मदिन पार्टी के बहाने बुलाकर एक युवती से दुष्कर्म किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान के आधार पर लालपुर थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पश्चिम बंगाल भागने की कोशिश में था, लेकिन उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया। मामले की जांच जारी है।
दोस्त की बर्थडे पार्टी में बुलाया गया
करीब 25 साल की पीड़िता जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में रहकर एमडीएस की तैयारी कर रही है। पीड़िता ने पुलिस को दिए फर्दबयान में बताया कि 9 अप्रैल को उसका दोस्त ओली विश्वकर्मा उसे गोकुल वाटिका स्थित एक फ्लैट में आयोजित जन्मदिन पार्टी में बुलाया था। पीड़िता के अनुसार, उसे कहा गया था कि पार्टी में कई लड़कियां भी मौजूद रहेंगी, लेकिन जब वह वहां पहुंची तो देखा कि फ्लैट में कुछ युवक पहले से मौजूद थे। इससे वह असहज हो गई और वहां से लौटना चाहती थी, लेकिन दोस्तों ने भरोसा दिलाकर उसे रोक लिया।

पिज्जा खाने के बाद बिगड़ी हालत
पीड़िता ने बताया कि रात करीब 8 बजे केक काटने के बाद उसकी तबीयत अचानक खराब होने लगी। इसी दौरान आरोपी दानिश ने उसे पिज्जा दिया। पिज्जा खाने के बाद उसे नशा जैसा महसूस हुआ और आंखों के सामने अंधेरा छाने लगा। युवती किसी तरह खुद को संभालते हुए आराम करने के लिए एक कमरे में गई, लेकिन आरोप है कि उसी समय दानिश भी वहां पहुंचा और कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया।
कमरे में बंद कर किया दुष्कर्म
पीड़िता का आरोप है कि नशे की हालत का फायदा उठाकर दानिश ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि सुबह जब उसे होश आया तो वह खून से लथपथ थी और बेहद कमजोर महसूस कर रही थी। घटना के बाद उसने अपने दोस्त को जानकारी दी, जिसके बाद उसे हॉस्टल पहुंचाया गया।
अस्पताल में भर्ती, फिर पुलिस को दी गई सूचना
पीड़िता की तबीयत लगातार बिगड़ती रही। इसके बाद 11 अप्रैल को उसे ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने बताया कि सहेली के कहने पर उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर लालपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का फर्दबयान दर्ज किया।
आरोपी बंगाल भागने की फिराक में था
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। मुख्य आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार वह पश्चिम बंगाल भागने की तैयारी में था, लेकिन समय रहते उसे पकड़ लिया गया।
जांच जारी, अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पार्टी में मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता को हर संभव सहायता दी जा रही है और केस को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
Also Read : रांची में अतिक्रमण पर निगम सख्त, स्टेशन रोड से अरगोड़ा तक चला अभियान


