Bengaluru/Sahibganj : बेंगलुरु पुलिस ने आईपीएल 2026 के उद्घाटन मैच के दौरान मोबाइल चोरी करने वाले बड़े गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में 7 नाबालिगों और एक वयस्क हैंडलर को पकड़ा गया है। जांच में सामने आया है कि ये सभी झारखंड के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ इलाके से जुड़े हैं और एक संगठित गैंग के हिस्से हैं।
भीड़भाड़ में चोरी के लिए तैयार किए जाते थे बच्चे
पुलिस के मुताबिक, इस गैंग का तरीका काफी सुनियोजित है। नाबालिगों को खास तौर पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर मोबाइल चोरी करने के लिए भेजा जाता था। इसके बदले उन्हें करीब 5 हजार रुपये दिए जाते थे। गैंग के लोग उनके आने-जाने, रहने और खाने का पूरा खर्च उठाते थे। साथ ही उन्हें टारगेट दिया जाता था कि कम से कम 5 मोबाइल चोरी करना ही होगा।
IPL मैच बना आसान निशाना
28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए IPL मैच के दौरान इस गैंग ने 29 मोबाइल फोन चोरी किए। इनमें से 14 आईफोन थे। पुलिस का कहना है कि गैंग सिर्फ स्टेडियम के अंदर ही नहीं, बल्कि बाहर, मेट्रो स्टेशन और आसपास की भीड़भाड़ वाली जगहों पर भी सक्रिय था।
‘मुखिया’ करता था पूरे ऑपरेशन की निगरानी
इस पूरे ऑपरेशन को साहिबगंज के ही 26 साल के शुभम कुमार उर्फ ‘मुखिया’ संचालित कर रहा था। वही नाबालिगों को बेंगलुरु लेकर आया और पूरे नेटवर्क को कंट्रोल कर रहा था। पुलिस के अनुसार, बच्चों को अलग-अलग रास्तों से लाया गया था। कुछ को पटना से फ्लाइट के जरिए, तो कुछ को ट्रेन और सड़क मार्ग से पहुंचाया गया।
2012 से सक्रिय है गैंग
जांच में यह भी सामने आया है कि यह ‘साहिबगंज गैंग’ 2012 से देश के अलग-अलग शहरों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है। बड़े आयोजनों और भीड़भाड़ वाले इवेंट्स इनके मुख्य निशाने होते हैं। पुलिस को शक है कि यही गैंग IPL 2025 में भी सक्रिय था। उस दौरान बेंगलुरु और चेन्नई में कुल 74 मोबाइल फोन चोरी हुए थे। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में हुई चोरी के मामले में भी इसी नेटवर्क के लोगों की संलिप्तता सामने आई थी।
चोरी के मोबाइल से साइबर क्राइम का खतरा
पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल आगे साइबर अपराध में भी हो सकता है। इसलिए इस गैंग की जांच को गंभीरता से लिया जा रहा है।
जांच जारी, दूसरे राज्यों में भी कनेक्शन तलाश
बेंगलुरु पुलिस अब इस गैंग के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। चेन्नई में हुई घटनाओं से भी लिंक जोड़ने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए एक टीम चेन्नई भेजी गई है।
Also Read : BREAKING: बोकारो पुलिस की संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार, राहुले दुबे व प्रिंस खान गिरोह के सात अपराधी गिरफ्तार


