Pakur : शहर में हनुमान जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। इस मौके पर बिरसा चौक स्थित पवन पुत्र हनुमान मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शहर में निकली भव्य शोभायात्रा
शोभायात्रा की शुरुआत बिरसा चौक मंदिर से हुई, जो मुख्य सड़क, अंबेडकर चौक, हिरण चौक और गांधी चौक होते हुए तातीपारा तक गई और फिर वापस मंदिर परिसर में आकर समाप्त हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी भी पूरे समय मौजूद रहे।
24 घंटे का अखंड रामचरितमानस पाठ शुरू
शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर में 24 घंटे के अखंड श्री रामचरितमानस पाठ का शुभारंभ किया गया। मंदिर समिति के पंकज शाह ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी पूरे विधि-विधान के साथ हनुमान जयंती मनाई जा रही है।
बच्चों और श्रद्धालुओं के लिए खास आयोजन
मंदिर परिसर में बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता रखी गई है। इसके साथ ही भजन-कीर्तन का कार्यक्रम और शाम को प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु पूरे दिन भक्ति में लीन नजर आए।
अन्य मंदिरों में भी दिखी श्रद्धा की झलक
शहर के रेलवे स्टेशन स्थित संकट मोचन महावीर मंदिर में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ और भजन-कीर्तन हुआ। वहीं दूधनाथ मंदिर में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति की ओर से अखंड रामायण पाठ शुरू किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
पूरे जिले में रहा उत्साह का माहौल
पाकुड़ जिले के सभी प्रखंडों में स्थित हनुमान मंदिरों में भी भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोग पूजा-अर्चना के लिए सुबह से ही मंदिरों में पहुंचने लगे थे।
बाजारों में भी रही रौनक
हनुमान जयंती को लेकर बाजारों में भी खासा उत्साह दिखा। लोग फल, फूल और प्रसाद की सामग्री खरीदते नजर आए। दुकानों पर दिनभर भीड़ बनी रही।
Also Read : IPL मैच में मोबाइल चोरी करने वाला ‘साहिबगंज गैंग’ बेनकाब, नाबालिगों से करवाता था चोरी


