Dhanbad : धनबाद के भूली हॉल्ट के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जैसे ही लोगों की नजर शव पर पड़ी, तुरंत इसकी सूचना रेलवे कर्मियों और पुलिस को दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक का शव भूली हॉल्ट ओवरब्रिज के नीचे ट्रैक के पास पड़ा हुआ था। शव की स्थिति काफी गंभीर थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह किसी मालगाड़ी की चपेट में आ गया होगा।
शरीर पर गंभीर चोट के निशान
मृतक के सिर, आंख और दाहिने हाथ पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। दाहिना हाथ लगभग कटकर लटक रहा था, जबकि आंख अंदर की ओर दब गई थी। शव की हालत देखकर यह स्पष्ट है कि हादसा काफी दर्दनाक रहा होगा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। रेलवे कर्मचारी राकेश कुमार ने बताया कि सबसे पहले स्टेशन प्रबंधन को सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्हें मौके पर भेजा गया। स्थिति गंभीर देखकर तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।
पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता चल सके। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह मामला ट्रेन से कटने का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पहचान होने के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
Also Read : जमशेदपुर में स्वास्थ्य सेवाओं पर डीसी सख्त, बोले- लापरवाही बिल्कुल नहीं चलेगी


