Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में हुए चर्चित हत्या कांड में पुलिस को सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नान्टु सैनी उर्फ मन्टु सैनी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 25 मार्च की रात मानगो थाना क्षेत्र से दबोचा गया। जानकारी के अनुसार, मार्च 2021 में आपसी विवाद के दौरान इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी फरार चल रहा था और लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था।
पहचान छिपाकर रह रहा था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपनी पहचान छिपा ली थी। वह अलग-अलग राज्यों में ठिकाना बदलकर रह रहा था। उसने अपना पुराना निवास भी छोड़ दिया था और परिवार को भी अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दिया था, ताकि पुलिस की पकड़ से दूर रह सके। पुलिस पिछले काफी समय से आरोपी की तलाश में जुटी थी। विशेष रूप से पिछले डेढ़ वर्ष से तकनीकी सेल की मदद से उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मानगो क्षेत्र के सिटी इन होटल के आसपास देखा गया है।
संयुक्त कार्रवाई में हुई गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा और मानगो थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के लिए सिदगोड़ा थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने रणनीतिक तरीके से बिना किसी हंगामे के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
सह-आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल
थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने मीडिया को बताया कि इस मामले में एक अन्य सह-आरोपी राजकुमार सैनी को घटना के समय ही हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
Also Read : कुएं में गिरी पत्नी को बचाने कूदा पति, दोनों की डूबने से मौ’त

