Ranchi : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने शहर के विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
जुलूस मार्ग और भीड़ नियंत्रण पर विशेष फोकस
एसएसपी ने अधिकारियों के साथ रामनवमी जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था की स्थिति का बारीकी से आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पहले से ही पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
अखाड़ा समितियों के साथ बैठक, सहयोग की अपील
निरीक्षण के बाद एसएसपी ने अखाड़ा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने और तय नियमों का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखें, ताकि पर्व का माहौल सकारात्मक बना रहे।

यातायात व्यवस्था भी रहेगी सख्त
शहर में जुलूस के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना बनाई गई है। पार्किंग स्थलों का निर्धारण, डायवर्जन प्लान और ट्रैफिक कंट्रोल के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की जा रही है, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस मौके पर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सदर एसडीएम कुमार रजत, नगर डीएसपी वेंकटेश रमन, स्थानीय थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
Also Read : गुमला पुलिस की अपील : अफवाह से रहें सावधान, भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार


