Gumla : रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा को लेकर गुमला पुलिस पूरी तरह सतर्क है। त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और ऐसी किसी भी गतिविधि से दूर रहें, जिससे किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे।
सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह
गुमला पुलिस ने खास तौर पर सोशल मीडिया को लेकर लोगों को सचेत किया है। पुलिस का कहना है कि व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट को शेयर न करें। साइबर सेल और पुलिस की टीम लगातार सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जुलूस के नियमों का पालन जरूरी
पुलिस ने कहा है कि रामनवमी और दुर्गा पूजा के दौरान निकलने वाले जुलूस के लिए निर्धारित रूट का ही पालन करें। जुलूस के दौरान डीजे पर भड़काऊ या प्रतिबंधित गाने बजाने से बचें। इसके साथ ही किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत इसकी जानकारी नजदीकी थाना, कंट्रोल रूम या डायल 112/100 पर दें। इसके लिए कंट्रोल रूम नंबर 9798148089 भी जारी किया गया है।
इन नंबरों पर ले सकते हैं मदद
- एसडीपीओ, गुमला : 9431706202
- एसडीपीओ, बसिया : 9471182118
- एसडीपीओ, चैनपुर : 9431103773
- एसपी, गुमला : 9431706376
पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक जिम्मेदारी और सतर्कता से ही त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाया जा सकता है।

Also Read : रामनवमी को लेकर डीआईजी ने झंडा यात्रा रूट का किया निरीक्षण, दिये निर्देश


