Ranchi : रामनवमी पर्व को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि सभी लोग इस पावन अवसर पर प्रेम, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी ऐसी गतिविधि से बचें जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
रांची पुलिस ने सोशल मीडिया को लेकर भी लोगों को आगाह किया है। पुलिस का कहना है कि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट को शेयर या फॉरवर्ड न करें। साइबर टीम लगातार सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जुलूस के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
पुलिस प्रशासन ने जुलूस निकालने वाले आयोजकों और लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग और समय का ही पालन करें। जुलूस के दौरान अनुशासन और मर्यादा बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा जारी सभी नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
यातायात व्यवस्था को लेकर अपील
शहर में रामनवमी के दौरान कई जगहों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है। ऐसे में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का उपयोग न करें। इससे ट्रैफिक बाधित हो सकता है और आम लोगों के साथ-साथ जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है। जरूरत पड़ने पर समय से पहले घर से निकलने की सलाह भी दी गई है।
संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत सूचना दें
रांची पुलिस ने लोगों से सतर्क नागरिक बनने की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी भी तरह की संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। आपात स्थिति में डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 8987790664 और 9153886241 पर संपर्क किया जा सकता है।
Also Read : रामनवमी को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने जुलूस मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

