Patna : मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में बड़ी राहत मिली है। पटना हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद उन्हें बेऊर जेल से रिहा कर दिया गया। करीब चार महीने बाद जेल से बाहर आए अनंत सिंह ने खुद को निर्दोष बताते हुए पूरे मामले को साजिश करार दिया है।
पटना हाई कोर्ट से मिली जमानत
अनंत सिंह को 19 मार्च को पटना हाई कोर्ट से जमानत मिली थी। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर उनकी रिहाई हुई। जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला और जगह-जगह उनका स्वागत किया गया।
‘हम 4 किलोमीटर दूर थे’
रिहाई के बाद अनंत सिंह ने साफ तौर पर कहा कि घटना के समय वे मौके पर मौजूद नहीं थे। उनका कहना है, “हम घटना स्थल से करीब चार किलोमीटर दूर थे। हम निर्दोष हैं, हमें साजिश के तहत फंसाया गया है।” उनके इस बयान के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
समर्थकों में जश्न, जगह-जगह स्वागत
जेल से निकलने के बाद अनंत सिंह बाढ़ पहुंचे, जहां रास्ते भर समर्थकों और जेडीयू कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मोकामा पहुंचने पर उनके आवास के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग जुटे और आतिशबाजी कर खुशी जताई।
जनता के बीच सक्रिय रहने का दावा
अनंत सिंह ने कहा कि वे पहले की तरह ही जनता के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने खुसरूपुर के बढ़ईया स्थित महारानी स्थान पर पूजा-अर्चना करने की भी बात कही।
चार महीने बाद मिली राहत
दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह करीब चार महीने से जेल में बंद थे। इस दौरान उनके समर्थक लगातार उनकी रिहाई की मांग कर रहे थे। अब जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह है।
सियासत में बढ़ी हलचल
इस मामले में जमानत और अनंत सिंह के बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजर इस केस की आगे की कानूनी प्रक्रिया और राजनीतिक असर पर टिकी है।
Also Read : रांची के बिजली ग्रिड में बड़ी चोरी, ट्रांसफार्मर से 1000 किलो कॉपर कॉइल ले उड़े चोर

