Palamu : पलामू जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई। घटना जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के तुकबेरा गांव का है जहां एक 40 साल के बिजली मिस्त्री नागेंद्र पासवान की मौत हो गई। आंधी और बारिश के दौरान काम करते समय यह हादसा हुआ, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
आंधी-बारिश के बीच काम के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा तेज आंधी और बारिश के कारण हुआ था जिस वजह से 33 हजार वोल्ट की लाइन में खराबी आ गई थी। मरम्मत के लिए ग्रिड से शटडाउन भी लिया गया था, लेकिन काम के दौरान अचानक तार में करंट आने की आशंका जताई जा रही है। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तार में करंट दौड़ गया और नागेंद्र पासवान इसकी चपेट में आ गए। झटका लगते ही वे बिजली के खंभे से नीचे गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल नागेंद्र पासवान को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में भी मातम छा गया।
विभाग ने मुआवजे का दिया आश्वासन
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिजली विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराईं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। विभाग के ग्रामीण एसडीओ विकास कुमार ने बताया कि आंधी-पानी के कारण लाइन में खराबी आई थी और मरम्मत के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि विभागीय नियमों के अनुसार मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे जोखिम भरे काम के दौरान और अधिक सावधानी और सुरक्षा उपायों की जरूरत होती है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
Also Read : सीएम हेमंत सोरेन ने सरहुल और ईद पर दी शुभकामनाएं, कहा प्रकृति और भाईचारे का संदेश देते हैं दोनों पर्व

