Dumka : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास रविवार को अपने सहयोगियों के साथ बाबा बासुकीनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। इस दौरान उनके साथ जमशेदपुर से आए समर्थक और परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।
भोलेनाथ से की झारखंड की खुशहाली की कामना
पूजा के दौरान रघुवर दास ने राज्य की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की। उन्होंने बाबा बासुकीनाथ की मंगल आरती कर झारखंडवासियों के अच्छे भविष्य की प्रार्थना की। मंदिर परिसर में कुछ समय बिताने के बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से भी मुलाकात की।
कार्यकर्ताओं से मुलाकात और बाजार का दौरा
पूजा-अर्चना के बाद रघुवर दास ने मंदिर कार्यालय में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इसके बाद वे बासुकीनाथ बाजार भी पहुंचे, जहां उन्होंने दुकानदारों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान लोगों ने उनका स्वागत भी किया।
सरकार पर लगाए वादे पूरे न करने के आरोप
मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब कई योजनाएं धरातल पर नहीं उतर रही हैं। उन्होंने खास तौर पर मंईयां सम्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि 18 से 50 वर्ष की उम्र की महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया गया था, लेकिन कई लाभार्थी अभी भी इससे वंचित हैं।
पिछली सरकार की योजनाओं का किया जिक्र
रघुवर दास ने कहा कि जब राज्य में डबल इंजन की सरकार थी, तब कई बड़ी परियोजनाएं शुरू हुई थीं। उन्होंने कहा कि संथाल परगना में एम्स, साहिबगंज में गंगा पुल और एयरपोर्ट जैसी योजनाओं पर तेजी से काम हुआ था। लेकिन अब विकास की रफ्तार धीमी पड़ गई है।
कानून व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने कहा कि राज्य की बहू-बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं।
विधानसभा में टिप्पणी को लेकर जताई नाराजगी
रघुवर दास ने मुख्यमंत्री पर विधानसभा में हिंदू देवी-देवताओं को लेकर की गई टिप्पणी पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान होना चाहिए और इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जनता सब देख रही है और ऐसे बयानों को लेकर लोग नाराज हैं।
Also Read : पाकुड़ में दाल भात केंद्र में तीसरी बार चोरी, बर्तन समेत हजारों का सामान ले उड़े चोर

