Khunti : खूंटी नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में वार्ड नंबर-8 के पार्षद शशांक शेखर विजयी घोषित किए गए हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी वार्ड नंबर-3 के पार्षद दिनेश कुमार महतो को हराकर यह महत्वपूर्ण पद हासिल किया। बुधवार को समाहरणालय सभागार में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। मतदान का संचालन निर्वाची पदाधिकारी और सहायक निर्वाची पदाधिकारी ने सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत किया।
उपाध्यक्ष पद के लिए कुल दो प्रत्याशी मैदान में थे। वार्ड नंबर-8 से शशांक शेखर और वार्ड नंबर-3 से दिनेश कुमार महतो ने अपना नामांकन दाखिल किया था। नगर पंचायत के सभी 19 वार्ड पार्षदों ने मतदान में भाग लिया और अपनी पसंद का प्रत्याशी चुना। मतगणना के बाद घोषित परिणाम में शशांक शेखर को 13 वोट प्राप्त हुए, जबकि दिनेश कुमार महतो को 6 वोट ही मिले। कुल 19 वैध मत पड़े और कोई भी मत निरस्त नहीं हुआ।
परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने शशांक शेखर को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टुटी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर निर्वाचन से जुड़े अधिकारी और कोषांग के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। नगर पंचायत प्रशासन ने कहा कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुआ, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती मिली।
Also Read : फर्जी कस्टमर केयर नंबर का खेल बेनकाब, जामताड़ा में 6 साइबर ठग रंगे हाथ गिरफ्तार


