Latehar : लातेहार पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित माओवादी संगठन के 10 लाख रुपए के इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां उर्फ फ्रेश भुईयां को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ 2 लाख रुपए के इनामी उग्रवादी बबलू राम उर्फ रोहित उर्फ बबलू चंद्रवंशी को भी पकड़ा गया है। इस पूरे मामले की जानकारी लातेहार के एसपी कुमार गौरव ने दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जोनल कमांडर अपने दस्ते के साथ छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिनामांड़ गांव के आसपास सामान खरीदने आया है।
इलाके की घेराबंदी कर की गई छापेमारी
सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम बनाई और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो नक्सलियों को पकड़ लिया, जबकि उनके तीन साथी मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस अब फरार उग्रवादियों की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
हथियार और नकदी सहित कई सामान बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने नक्सलियों के पास से कई अहम सामान बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इनके पास से एक एके-47 राइफल, 21 मैगजीन, करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, माओवादी पर्चे, चार सिम कार्ड, मेमोरी कार्ड, रेडियो और एक घड़ी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान से नक्सल संगठन की गतिविधियों और नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है। फिलहाल जब्त किए गए सभी सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
20 साल से संगठन में सक्रिय थे दोनों उग्रवादी
एसपी कुमार गौरव के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों उग्रवादी करीब 20 साल से माओवादी संगठन से जुड़े हुए थे। ये लोग अपने साथियों के साथ मिलकर लातेहार और आसपास के जिलों में लेवी वसूली, विकास कार्यों में बाधा और लोगों में दहशत फैलाने जैसी घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं।
दोनों पर दर्ज हैं कई गंभीर मामले
पुलिस के अनुसार, जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां पर कुल 104 मामले दर्ज हैं, जबकि बबलू राम पर 15 मामले दर्ज हैं। ये दोनों लातेहार, पलामू, गढ़वा समेत झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार उग्रवादियों को पकड़ने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इलाके में नक्सल गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
Also Read : सरायकेला के आदित्यपुर में दिनदहाड़े इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान पर फायरिंग, कर्मचारी बाल-बाल बचे


