Ranchi : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 10वें दिन कई अहम मुद्दे सदन में उठे। सबसे पहले विधायक अमित महतो ने हिंडाल्को के ऐश पोंड धंसने की घटना का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में 25 से 30 लोगों की मौत हुई है और इसके लिए विशेष समिति बनाई जानी चाहिए।
मंत्री सुदिव्य सोनू का जवाब
मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि यह घटना 19 अप्रैल 2019 की है और जांच में पाया गया कि इस हादसे में किसी भी कामगार की मौत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि 25-30 लोगों की मौत का कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं है। मंत्री ने यह भी बताया कि मामले की दूसरी टीम से जांच कराई जाएगी। रेड मड के सैंपल ट्रांसपोर्ट करने के लिए पर्यावरण स्वीकृति की जरूरत नहीं होती, जबकि व्यावसायिक ट्रांसपोर्टेशन के लिए यह जरूरी है।
अवैध खनन पर कार्रवाई
विधायक हेमलाल मुर्मू ने अवैध खनन रोकने के लिए जिला टास्क फोर्स द्वारा की गई कार्रवाई का पूरा ब्योरा मांगा। इस पर मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि बजट सत्र के दौरान ही यह जानकारी सदन में उपलब्ध कराई जाएगी।
टेट पास शिक्षकों के ग्रेड पे में असमानता
विधायक देवेंद्र कुंवर ने 2012 और 2023 में टेट पास शिक्षकों के ग्रेड पे में अंतर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 2012 में ग्रेड पे 4200 से 4800 तक था, जबकि 2023 में 2400 से 2800 तक ही दिया जा रहा है। मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि फिलहाल समान ग्रेड पे देने का कोई प्रस्ताव सरकार के पास नहीं है।
अल्पसंख्यक स्कूलों की सुविधाएं
विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि अल्पसंख्यक स्कूलों को भी सरकारी स्कूलों जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए, जैसे पोशाक, साइकिल और अन्य योजनाओं का लाभ। मंत्री सुदिव्य सोनू ने बताया कि शिक्षकों को वेतन और बच्चों को पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराई जाती है, लेकिन ये सरकारी स्कूल नहीं हैं और नीतिगत विषय हैं।
खिलाड़ी अन्नु कुमारी को पुरस्कार राशि नहीं मिली
विधायक देवेंद्र कुंवर ने धनबाद की खिलाड़ी अन्नु कुमारी का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि चीन में हुई खेल प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने के बावजूद उन्हें पुरस्कार राशि नहीं मिली। मंत्री ने कहा कि इस मामले को विभाग के पास दिखवाया जाएगा।
Also Read : झारखंड विधानसभा : मैक्लुस्कीगंज के मुद्दे पर नोकझोंक, सवाल के विभाग को लेकर छिड़ी बहस

