Ranchi : झारखंड पुलिस के लिए खुशखबरी है। लंबे समय से जर्जर वाहनों की समस्या झेल रहे पुलिसकर्मियों के लिए अब 1477 नए वाहनों का आवंटन कर दिया गया है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। इस कदम से न केवल पुलिस का बेड़ा मजबूत होगा, बल्कि कानून व्यवस्था और पेट्रोलिंग की दक्षता में भी सुधार आएगा।
चार और दो पहिया वाहन दोनों का हुआ समावेश
आदेश के मुताबिक, कुल आवंटित वाहनों में 628 चार पहिया और 849 दो पहिया वाहन शामिल हैं। ये वाहन राज्य के सभी जिलों में वितरित किए जाएंगे। इसका मकसद ग्रामीण और शहरी इलाकों में पुलिस की त्वरित पहुँच बढ़ाना और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना है। विशेष रूप से राजधानी रांची और औद्योगिक शहर जमशेदपुर को सबसे अधिक वाहन आवंटित किए गए हैं, ताकि बढ़ते अपराध और ट्रैफिक चुनौतियों से निपटा जा सके।
पुलिस संघ ने की पहल का स्वागत
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने इस पहल का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि नए वाहनों से नक्सल प्रभावित और दूरदराज इलाकों में भी पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी। इसके अलावा पेट्रोलिंग, अपराध नियंत्रण, त्वरित सहायता और यातायात प्रबंधन में भी सुधार होगा। आदेश जारी होते ही जिलों में वाहनों का वितरण प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिससे पुलिसकर्मियों में उत्साह और उम्मीद बढ़ी है।
जिलेवार वाहन आवंटन
झारखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के तहत राज्य के सभी जिलों में नए वाहनों का वितरण किया गया है। जिलेवार आवंटन की बात करें तो बोकारो को 39 चार पहिया और 53 दो पहिया वाहन मिले हैं, वहीं पश्चिमी सिंहभूम को 40 चार पहिया और 47 दो पहिया वाहन आवंटित किए गए। चतरा में 19 चार पहिया और 22 दो पहिया वाहन, देवघर में 28 चार पहिया और 39 दो पहिया वाहन, धनबाद में 40 चार पहिया और 45 दो पहिया वाहन, दुमका में 20 चार पहिया और 28 दो पहिया वाहन, गढ़वा में 21 चार पहिया और 29 दो पहिया वाहन, गिरिडीह में 32 चार पहिया और 29 दो पहिया वाहन, गोड्डा में 17 चार पहिया और 33 दो पहिया वाहन, गुमला में 22 चार पहिया और 29 दो पहिया वाहन, हजारीबाग में 28 चार पहिया और 42 दो पहिया वाहन, पूर्वी सिंहभूम में 51 चार पहिया और 89 दो पहिया वाहन, जामताड़ा में 14 चार पहिया और 18 दो पहिया वाहन, खूंटी में 14 चार पहिया और 12 दो पहिया वाहन, कोडरमा में 14 चार पहिया और 21 दो पहिया वाहन, लातेहार में 18 चार पहिया और 15 दो पहिया वाहन, लोहरदगा में 14 चार पहिया और 19 दो पहिया वाहन, पाकुड़ में 11 चार पहिया और 18 दो पहिया वाहन, पलामू में 31 चार पहिया और 36 दो पहिया वाहन, रामगढ़ में 13 चार पहिया और 19 दो पहिया वाहन, रांची में 80 चार पहिया और 73 दो पहिया वाहन, साहिबगंज में 14 चार पहिया और 27 दो पहिया वाहन, सराकेला में 19 चार पहिया और 26 दो पहिया वाहन, सिमडेगा में 15 चार पहिया और 28 दो पहिया वाहन, जबकि हेड क्वार्टर झारखंड, रांची को 14 चार पहिया और 42 दो पहिया वाहन आवंटित किए गए हैं। इस आवंटन से पुलिस की पेट्रोलिंग क्षमता और कानून व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
Also Read : तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घर में घुसी, मलबे में दबकर बुजुर्ग महिला की मौ’त


