Godda : गोड्डा जिले में दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई है। मामला महागामा थाना क्षेत्र में स्थित बैंक ऑफ इंडिया की है। अपराधियों ने बैंक के गार्ड विनोद कुमार सिंह पर गोली चला दी, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद बैंक परिसर में अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
हेलमेट हटाने को कहा, तो चला दी गोली
जानकारी के मुताबिक, हेलमेट पहने दो युवक बैंक में घुसने की कोशिश कर रहे थे। गार्ड विनोद कुमार सिंह ने उन्हें रोककर हेलमेट हटाने को कहा। बस इसी बात पर अपराधियों में से एक ने गार्ड पर गोली चला दी। गोली उनके कंधे के पास लगी। घायल गार्ड को तुरंत महागामा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
तीन अपराधी थे शामिल, भागते वक्त की हवाई फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस वारदात में कुल तीन अपराधी शामिल थे। एक शख्स पहले से ही बैंक के अंदर बैठा हुआ था, जबकि दो हेलमेट पहनकर अंदर आ रहे थे। गार्ड को गोली मारने के बाद अपराधियों ने भागते समय दो राउंड हवाई फायरिंग भी की। इससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। आसपास के दुकानदारों और ग्राहकों में भी अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस मौके पर, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही
घटना की सूचना मिलते ही महागामा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो और थाना प्रभारी मनोज पाल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। सीडीपीओ महागामा चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि तीन अपराधी इस वारदात में शामिल थे। गार्ड को कंधे में गोली लगी है और अपराधियों की पहचान की जा रही है।
पहले भी हो चुकी है लूट की घटना
गौरतलब है कि 12 जनवरी को महागामा के केंचुआ चौक स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग व्यक्ति से 50 हजार रुपए छीन लिए थे। उस मामले का भी अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
Also Read : 3.20 करोड़ से ज्यादा फंड पड़ा बेकार, RIMS में योजनाओं पर सवाल

