Patna : बिहार विद्यालय परीक्षा बोर्ड ने इंटर वार्षिक (थ्योरी) परीक्षा 2026 के ऑब्जेक्टिव प्रश्नों की आंसर-की जारी कर दी है। इसके साथ ही लाखों छात्रों का इंतजार अब अगले पड़ाव पर पहुंच गया है। आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स और वोकेशनल- सभी स्ट्रीम के बहुविकल्पीय प्रश्नों की उत्तर कुंजी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अब छात्र अपने जवाब मिलाकर अंदाजा लगा सकते हैं कि उनके कितने नंबर बन सकते हैं।
वेबसाइट पर ऐसे करें चेक
छात्र biharboardonline.com या objection.biharboardonline.com पर जाकर संबंधित विषय की आंसर-की डाउनलोड कर सकते हैं। अगर किसी सवाल या उसके जवाब पर आपत्ति है, तो 6 मार्च शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज की जा सकती है। आपत्ति दर्ज करने के लिए रोल कोड और रोल नंबर जरूरी है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि तय समय के बाद भेजी गई आपत्तियों पर कोई विचार नहीं होगा।
विशेषज्ञ करेंगे आपत्तियों की जांच
बोर्ड की ओर से कहा गया है कि सभी आपत्तियों की समीक्षा विषय विशेषज्ञों की टीम करेगी। अगर किसी उत्तर में गलती पाई जाती है, तो संशोधित आंसर-की जारी की जाएगी। यानी छात्रों को निष्पक्ष मूल्यांकन का भरोसा दिया गया है।
ऑब्जेक्टिव सवालों का रहा बड़ा रोल
इस बार इंटर परीक्षा में ऑब्जेक्टिव प्रश्नों का काफी महत्व रहा। कुल अंकों का 50 प्रतिशत हिस्सा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित था।
छात्रों ने इन सवालों के जवाब ओएमआर शीट पर दिए थे। ऐसे में आंसर-की जारी होने से अब वे अपने संभावित स्कोर का अंदाजा लगा सकते हैं।
कॉपियों की जांच भी शुरू
इधर राज्य के अलग-अलग जिलों में उत्तर पुस्तिकाओं की जांच का काम भी शुरू हो चुका है।
मुजफ्फरपुर में 5 मूल्यांकन केंद्र
मुजफ्फरपुर जिले में पांच केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन करीब 6 प्रतिशत कॉपियों की जांच हुई, लेकिन डाटा एंट्री सिर्फ 1 प्रतिशत तक ही हो पाई।
चैपमैन केंद्र: अंग्रेजी, उर्दू और साइकोलॉजी की 58,850 कॉपियां पहुंचीं। पहले दिन 3,072 कॉपियां जांची गईं, लेकिन डाटा एंट्री शुरू नहीं हो सकी।
जिला स्कूल केंद्र: हिंदी की 56,171 कॉपियों में से करीब 3 प्रतिशत की जांच हुई और ज्यादातर की डाटा एंट्री भी कर दी गई।
डीएन हाईस्कूल: बायोलॉजी, केमिस्ट्री, मैथ और कंप्यूटर साइंस की 55,130 कॉपियां आईं। लगभग 3 प्रतिशत जांच हुई, पर डाटा एंट्री शुरू नहीं हो पाई।
मारवाड़ी हाईस्कूल: अकाउंट, फिलॉसफी, हिस्ट्री और इकोनॉमिक्स की 512 कॉपियां जांची गईं और सभी की एंट्री पूरी कर ली गई।
मुखर्जी सेमिनरी स्कूल: भूगोल और होम साइंस की करीब 3 प्रतिशत कॉपियों की जांच हुई।
कितने छात्रों ने दी परीक्षा?
इस साल इंटर परीक्षा में 13,17,846 छात्र पंजीकृत हैं। वहीं मैट्रिक परीक्षा में 15,12,963 छात्र शामिल हुए हैं। हर साल की तरह इस बार भी बोर्ड देश में सबसे पहले मैट्रिक और इंटर का रिजल्ट जारी करने की तैयारी में है। संभावना है कि मार्च के अंतिम सप्ताह तक 10वीं और 12वीं का परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। छात्र अपना रिजल्ट biharboardonline.bihar.gov.in, biharboardonline.com और onlinebseb.in पर देख सकेंगे।
अब किस बात का इंतजार?
फिलहाल छात्रों की नजर दो अहम बातों पर टिकी है- आंसर-की पर आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख और कॉपियों की जांच की रफ्तार। जब तक आपत्तियों का निपटारा और मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक अंतिम रिजल्ट जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे में आने वाले कुछ हफ्ते परीक्षार्थियों के लिए काफी अहम साबित होने वाले हैं।
Also Read : परीक्षा में टॉप करना है? अपनाएं ये 5 चाणक्य नीतियां और बनाएं विद्यार्थी जीवन सफल

