Ranchi : झारखंड के 48 नगर निकायों के लिए 23 फरवरी को हुए मतदान के बाद मतगणना शुक्रवार (27 फरवरी) सुबह 8 बजे से शुरू हो गई। राज्य के विभिन्न जिलों में बने मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी निगरानी के बीच वोटों की गिनती जारी है। प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण बनाने के लिए टास्क फोर्स को सक्रिय कर दिया है। 10 बजे के बाद से रुझान आने लगे और दोपहर तक अधिकांश सीटों के नतीजे साफ होने की उम्मीद है।
रांची नगर निगम : सबसे बड़ी गिनती, 246 टेबल
राजधानी रांची में मुकाबला बेहद दिलचस्प है। सुकुरहुट्टू स्थित ट्रांसपोर्ट नगर परिसर को मतगणना केंद्र बनाया गया। यहां कुल 10 कमरों में 246 टेबल लगाई गई हैं, प्रत्येक कमरे में 25-25 टेबल। गिनती सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में हो रही है। किसी को भी बिना पास के प्रवेश नहीं दिया जा रहा।
धनबाद मतगणना केंद्र पर हंगामा
धनबाद के राजकीय पॉलिटेक्निक केंद्र पर सुबह-सुबह तनाव पैदा हो गया। सुरक्षा कर्मियों ने प्रत्याशियों के एजेंटों को अंदर जाने से रोका। प्रत्याशी एजेंट बबलू बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रशासन अंतिम समय में नियम बदल रहा है, जिससे निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं।
हजारीबाग में छह हॉल में 36 वार्डों की गिनती
हजारीबाग में कृषि उत्पादन बाजार समिति में मतगणना चल रही है। कुल 6 हॉल बनाए गए हैं, जहां वार्डवार (1 से 36) गिनती हो रही है। महापौर पद के लिए अतिरिक्त सहायक निर्वाची पदाधिकारियों की तैनाती भी की गई है, ताकि परिणाम में कोई देरी न हो।
पलामू : पांच निकायों की गिनती एक ही जगह
पलामू जिला के मेदिनीनगर नगर निगम, विश्रामपुर नगर परिषद और हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर नगर पंचायत की गिनती जीएलए कॉलेज के बहुउद्देश्यीय भवन में एक साथ हो रही है।
कोडरमा में कड़े पहरे के बीच गिनती
कोडरमा के बागीटांड स्थित माइनिंग कॉलेज में झुमरी तिलैया नगर परिषद, डोमचांच नगर पंचायत और कोडरमा नगर पंचायत की अलग-अलग हॉल में मतगणना जारी है।
लोहरदगा : कड़ी सुरक्षा के साथ मतगणना
लोहरदगा नगर परिषद चुनाव की गिनती कुल 24 टेबल में दो राउंड में हो रही है। प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
गुमला और रामगढ़ : दो राउंड की गिनती
गुमला में 22 टेबल पर दो राउंड में गिनती जारी है। रामगढ़ कॉलेज परिसर में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना चल रही है। वार्ड नंबर 1 से 14 तक के अधिकृत लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति है।
गिरिडीह और चतरा : समर्थकों की भारी भीड़
गिरिडीह में नगर निकाय चुनाव की गिनती शुरू हो गई है। मतगणना केंद्र पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ जमा है। चतरा नगर परिषद में तीन राउंड में गिनती होगी। 14 टेबल पर बैलेट पेपर की गिनती दोपहर तक पूरी होने की उम्मीद है।
मधुपुर : विस्तृत तैयारी और सुरक्षा
मधुपुर नगर परिषद की गिनती राजाभिठा महिला महाविद्यालय परिसर में शुरू हुई। 46 मतदान केंद्रों के वोटों की गिनती 10 टेबल पर पांच चक्रों में हो रही है। कुल 30 कर्मियों की तैनाती की गई है। आकस्मिक स्थिति के लिए 50 प्रतिशत अतिरिक्त कर्मी और अतिरिक्त 69 कर्मी भी तैयार हैं। दो-स्तरीय सुरक्षा घेरा सुनिश्चित किया गया है।
Also Read : होली से पहले घर वापसी बनी सिरदर्द, किराया आसमान पर


