Palamu : पलामू में मतदान को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। दोपहर 1 बजे तक जिले में कुल 38.60% वोटिंग दर्ज की गई है। सुबह से ही मतदाता लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इसी बीच जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखा।
DC और SP ने संभाली कमान
जिले की डीसी समीरा एस और एसपी रीष्मा रमेशन खुद मैदान में उतरकर बूथों का जायजा लेने निकलीं। दोनों अधिकारियों ने अलग-अलग संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल की। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को सतर्क रहने का निर्देश दिया और कहा कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। कई जगहों पर उन्होंने मतदाताओं से भी बात की और सुविधाओं की जानकारी ली।
कहां कितना हुआ मतदान?
दोपहर 1 बजे तक अलग-अलग क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत की बात करें तो मेदिनीनगर नगर निगम में 36.24% वोटिंग दर्ज की गई, जबकि छतरपुर में 36.46% मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हरिहरगंज में 39% मतदान हुआ, वहीं हुसैनाबाद सबसे आगे रहा जहां 41.46% लोगों ने वोट डाले। विश्रामपुर में 39.86% मतदान दर्ज किया गया। कुल मिलाकर अब तक सबसे ज्यादा वोटिंग हुसैनाबाद में हुई है, जबकि मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम मतदान दर्ज किया गया है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जिलेभर में पुलिस बल, दंडाधिकारी और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील बूथों पर खास नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि कहीं से भी किसी तरह की गड़बड़ी की सूचना नहीं है और मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण चल रहा है।
मतदाताओं में दिखा उत्साह
सुबह से ही युवा, महिलाएं और बुजुर्ग वोट डालने के लिए बूथों पर पहुंचते दिखे। कई जगहों पर लंबी कतारें भी देखने को मिलीं। मतदाताओं का कहना है कि वे विकास और बेहतर भविष्य के लिए वोट दे रहे हैं।
Also Read : हजारीबाग नगरपालिका चुनाव 2026 : 1 बजे तक 30.02% वोटिंग


