Ranchi : झारखंड में निकाय चुनाव के तहत सोमवार 23 फरवरी को बुंडू नगर पंचायत में मतदान हो रहा है। सुबह वोटिंग शुरू होने से पहले ही माहौल चुनावी रंग में रंगा नजर आया। कई मतदान केंद्रों पर लोग समय से पहले ही पहुंच गए और कतार में खड़े दिखे। लोकल स्तर पर इस चुनाव को लेकर लोगों में खासा जोश है। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग-सभी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
अध्यक्ष और 13 पार्षद पदों के लिए मुकाबला
नगर पंचायत बुंडू में इस बार एक अध्यक्ष और 13 वार्ड पार्षद पदों के लिए चुनाव हो रहा है। कुल 16,625 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 8,168 पुरुष और 8,457 महिला मतदाता शामिल हैं। खास बात यह है कि महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। यह स्थानीय निकाय चुनाव में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का साफ संकेत है।
16 बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए कुल 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 15 केंद्र सामान्य और 1 केंद्र को संवेदनशील घोषित किया गया है। हर बूथ पर पोलिंग पार्टी, दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है ताकि कहीं से भी किसी तरह की गड़बड़ी की खबर न आए।
बुजुर्ग और दिव्यांगों के लिए खास इंतजाम
अनुमंडल पदाधिकारी किस्टो कुमार बेसरा ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए खास व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर, अलग कतार और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई गई है, ताकि किसी को भी परेशानी न हो और सभी आराम से अपना वोट डाल सकें।
27 फरवरी को आएगा नतीजा
प्रशासन ने लोगों से बेखौफ होकर मतदान करने की अपील की है। वोटिंग खत्म होने के बाद 27 फरवरी को मतगणना होगी। उसी दिन साफ हो जाएगा कि बुंडू की जनता ने किसे अध्यक्ष और किन उम्मीदवारों को वार्ड पार्षद के रूप में चुना है। फिलहाल, सुबह से ही मतदान केंद्रों पर जो भीड़ और उत्साह दिख रहा है, उससे साफ है कि लोग अपने नगर की सरकार चुनने को लेकर पूरी तरह जागरूक हैं।
Also Read : धनबाद नगर निगम चुनाव : मेयर और 55 वार्ड पार्षदों के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू


