Ranchi : झारखंड की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के एक्स पोस्ट पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने साफ शब्दों में कहा, “बाबूलाल जी को मैं बहुत हल्के में लेता हूं। उनका काम ही है ट्वीट करना, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा में स्वास्थ्य विभाग की एक एम्बुलेंस खराब हो गई थी। बताया गया कि एम्बुलेंस को ठीक करने में काफी देर लग गई और इसी दौरान उसमें ले जाई जा रही एक महिला मरीज की मौत हो गई। इस घटना को लेकर बाबूलाल मरांडी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर सवाल उठाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि ग्रामीणों को “खटारा एम्बुलेंस” के भरोसे छोड़ दिया गया है और इसे संवेदनहीनता बताया।
“मैंने कई जानें बचाई हैं” – इरफान अंसारी
बोकारो दौरे पर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से जब इस मामले पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की पूरी जानकारी नहीं है। हालांकि, बाबूलाल मरांडी के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “मैंने कई जानें बचाई हैं, लेकिन बाबूलाल जी को वह नहीं दिखता। अगर कोई मशीन खराब हो जाती है, तो वह उसे मुद्दा बना देते हैं। खुद 20 साल तक उन्होंने क्या किया?”
“मशीन है तो खराब भी हो सकती है”
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि एम्बुलेंस काफी पुरानी हो चुकी है और उसे मेंटेनेंस की जरूरत है। “मशीन है तो खराब भी हो सकती है। नया टेंडर होगा तो व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। हमारी स्वास्थ्य व्यवस्था काफी अच्छी है,” उन्होंने कहा।
राजनीति बनाम स्वास्थ्य व्यवस्था
महिला मरीज की मौत के बाद जहां विपक्ष सरकार को घेर रहा है, वहीं सरकार अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का बचाव कर रही है। इस पूरे मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था और राजनीतिक बयानबाजी दोनों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। अब देखना होगा कि यह मामला सिर्फ बयानबाजी तक सीमित रहता है या स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था में कोई ठोस सुधार भी देखने को मिलता है।
Also Read : गुमला के बसिया में स्कूल ऑटो पलटा, 9 वर्षीय बच्ची की मौत, दूसरी गंभीर


