Gumla : बसिया थाना क्षेत्र के महाराजगंज के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। स्कूल जा रहे बच्चों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 9 वर्षीय आकांक्षा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय अलमा केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और हड़कंप मच गया।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गंगड़ा गांव निवासी अजय गोप की बेटी आकांक्षा कुमारी अन्य बच्चों के साथ ऑटो से मदर अमृता पब्लिक स्कूल जा रही थी। रास्ते में अचानक ऑटो चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ऑटो सड़क किनारे पलट गया। ऑटो के नीचे दबने से दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
अस्पताल में हुई मासूम की मौत
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चियों को रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद आकांक्षा कुमारी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अलमा केरकेट्टा को बेहतर इलाज के लिए आगे रेफर किया गया। आकांक्षा तीसरी कक्षा की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी होनहार मानी जाती थी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। अपनी मासूम बेटी को खोने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
बसिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल गुमला पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ऑटो के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी घटना के साक्ष्य इकट्ठा करने की बात कही है और चालक की जिम्मेदारी तय करने के लिए कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Also Read : आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई : एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से 59 बोतल शराब के साथ तीन तस्कर को दबोचा


