Bokaro : जिले में इन दिनों मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड एग्जाम शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में चल रही हैं। हजारों छात्र-छात्राएं अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। ऐसे अहम समय में जिला प्रशासन ने आम लोगों से खास अपील की है। डीसी अजय नाथ झा ने मंगलवार को जिलेवासियों से कहा कि परीक्षा अवधि के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूसों और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में तेज ध्वनि वाले यंत्रों, खासकर डीजे, का इस्तेमाल करने से बचें।
तेज आवाज से पढ़ाई पर पड़ रहा असर
डीसी ने साफ कहा कि तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण से बच्चों की पढ़ाई और एकाग्रता प्रभावित होती है। परीक्षा के समय थोड़ी सी भी बाधा छात्रों की तैयारी पर असर डाल सकती है। उन्होंने कहा, “हमारे बच्चे ही हमारे सपनों का भविष्य हैं। उनकी पढ़ाई में व्यवधान डालना ठीक नहीं है। समाज के जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उन्हें शांत माहौल मिले।”
जरूरत हो तो कम आवाज वाले यंत्रों का करें उपयोग
प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि अगर किसी आयोजन में साउंड सिस्टम जरूरी हो, तो कम ध्वनि वाले यंत्रों का ही इस्तेमाल करें, ताकि आसपास पढ़ाई कर रहे छात्रों को परेशानी न हो। डीसी ने अभिभावकों, आयोजनकर्ताओं और आम नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की है। प्रशासन को भरोसा है कि जिलेवासी पहले की तरह इस बार भी समझदारी और संवेदनशीलता दिखाएंगे।
“आइए, बच्चों के सपनों को साकार करें”
डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि यह समय बच्चों के सपनों को साकार करने का है। अगर पूरा समाज मिलकर सहयोग करे, तो छात्र बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
जिले में मैट्रिक व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित हो रही हैं। इस महत्वपूर्ण समय में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने आमजनों से अपील की है कि वे धार्मिक व वैवाहिक कार्यक्रमों में तेज ध्वनि वाले यंत्रों (डीजे आदि) के प्रयोग से परहेज करें।
बच्चों की पढ़ाई व… pic.twitter.com/TJgta4Yd1j
— IPRD BOKARO (@Iprd_Bokaro) February 17, 2026
23 फरवरी को जरूर करें मतदान
प्रशासन ने साथ ही नागरिकों से अपील की है कि नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 में 23 फरवरी को जरूर मतदान करें। “आपका वोट, आपके शहर की ताकत है। सशक्त नगर और स्वच्छ प्रशासन के लिए मतदान अवश्य करें।”


