Ranchi : रांची में एक बार फिर से दहशत का माहौल बन गया है। सिविल कोर्ट को मिली धमकी के बाद अब समाहरणालय (डीसी ऑफिस) को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला है। इस ईमेल के सामने आते ही पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इस ईमेल के सामने आते ही पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस सक्रिय
सूत्रों के मुताबिक, समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। जैसे ही इसकी जानकारी प्रशासन और पुलिस को मिली, तुरंत पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी गई। बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड), डॉग स्क्वॉड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। हर कमरे, दफ्तर और परिसर के आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
चप्पे-चप्पे पर नजर, सुरक्षा कड़ी
समाहरणालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी कर दी गई है। मुख्य गेट पर सख्त चेकिंग की जा रही है। बिना जांच के किसी को अंदर प्रवेश नहीं दिया जा रहा। पुलिस अधिकारी खुद मौके पर मौजूद हैं और पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। आसपास के इलाके में भी गश्ती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
लोगों में दहशत, लेकिन प्रशासन ने की अपील
धमकी की खबर फैलते ही परिसर में मौजूद कर्मचारियों और आम लोगों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
जांच जारी, ईमेल की पड़ताल शुरू
पुलिस अब धमकी भरे ईमेल के स्रोत की जांच में जुट गई है। साइबर सेल की टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं। फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर तलाशी अभियान जारी है।
Also Read : बैंकों की मनमानी पर RBI सख्त, गलत तरीके से प्रोडक्ट बेचने पर लगेगी लगाम


