Johar Live Desk : बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक उदित नारायण झा एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। उनकी पहली पत्नी रंजना नारायण झा ने सुपौल के महिला थाने में आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने उदित नारायण, उनके दो भाइयों और दूसरी पत्नी पर आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप लगाया है। रंजना का दावा है कि इलाज के बहाने उनका गर्भाशय बिना उनकी जानकारी और सहमति के निकलवा दिया गया। इस बात की जानकारी उन्हें कई साल बाद इलाज के दौरान मिली।
वकील के साथ पहुंचीं महिला थाना
मंगलवार को रंजना झा अपने अधिवक्ता करुणाकांत झा के साथ महिला थाना सुपौल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि वह सुपौल जिले के बलुआ बाजार थाना क्षेत्र के संस्कृत निर्मली वार्ड संख्या-11 की रहने वाली हैं और उनकी उम्र 61 साल है। रंजना के मुताबिक, उनकी शादी 7 दिसंबर 1984 को उदित नारायण से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी।
“मुंबई जाने के बाद बदल गया सबकुछ”
रंजना का कहना है कि शादी के शुरुआती साल ठीक-ठाक रहे। लेकिन 1985 में उदित नारायण करियर बनाने मुंबई चले गए। इसके बाद उन्होंने दूरी बना ली। रंजना का आरोप है कि बाद में उन्हें मीडिया से पता चला कि उदित नारायण ने दीपा नारायण नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली है। जब उन्होंने इस बारे में पूछा तो उन्हें गुमराह किया गया।
“इलाज के बहाने ऑपरेशन करा दिया”
शिकायत में सबसे गंभीर आरोप वर्ष 1996 से जुड़ा है। रंजना का कहना है कि उस समय उदित नारायण, उनके भाई संजय कुमार झा और ललित नारायण झा उन्हें इलाज के बहाने दिल्ली के एक बड़े अस्पताल ले गए। वहां बिना उनकी स्पष्ट सहमति के उनका गर्भाशय निकलवा दिया गया। रंजना का दावा है कि उस समय अस्पताल में उदित नारायण की दूसरी पत्नी दीपा नारायण भी मौजूद थीं। उनका कहना है कि इस सच्चाई की जानकारी उन्हें वर्षों बाद दूसरे इलाज के दौरान मिली।
“घर में घुसने नहीं दिया”
रंजना झा ने बताया कि 2006 में जब वह मुंबई स्थित उदित नारायण के घर पहुंचीं, तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और घर में घुसने तक नहीं दिया गया। इसके बाद वह नेपाल स्थित ससुराल गईं, लेकिन वहां भी उन्हें अपमानित कर भगा दिया गया। तब से वह अपने मायके में रह रही हैं।
पहले भी कर चुकी हैं शिकायत
रंजना का कहना है कि उन्होंने पहले परिवार न्यायालय सुपौल और महिला आयोग में भी मामला दर्ज कराया था। उस समय उदित नारायण ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए समझौता पत्र भी दाखिल किया था। लेकिन रंजना का आरोप है कि समझौते के बावजूद उन्हें न तो सम्मान मिला और न ही पति का सहयोग।
“मुझे सिर्फ न्याय और सम्मान चाहिए”
मीडिया से बातचीत में रंजना झा ने कहा कि वह इस उम्र में बीमार और आर्थिक तंगी से जूझ रही हैं। उन्हें पति के साथ और सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा, “मैं बस न्याय और सम्मान चाहती हूं। इसलिए महिला थाना आई हूं।”
पुलिस बोली – मामले की होगी जांच
महिला थानेदार अंजू तिवारी ने बताया कि शिकायत में जिन घटनाओं का जिक्र है, वे करीब 30 साल पुरानी हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : रात के अंधेरे में थार से कुचल डाला था छह लोगों को, चढ़ा पुलिस के हत्थे


