Patna : पटना के कदमकुआं थाना इलाके में एक महिला वकील की झुलसी हुई लाश उनके घर से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना राजेंद्र नगर रोड नंबर-2 की है। सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की शिनाख्त इंदिरा लक्ष्मी (करीब 60-65 वर्ष) के तौर पर की गई है। वे पटना हाईकोर्ट और सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करती थीं।
बरामदे में जली हालत में मिला शव
पुलिस के मुताबिक, महिला अपने घर के निचले तले पर अकेली रहती थीं। सुबह करीब 7:40 बजे सूचना मिली कि एक महिला घर में जल गई हैं। जब पुलिस टीम पहुंची तो देखा कि बरामदे में उनका शव जली हालत में पड़ा था। घर का गेट चारों तरफ से बंद था। मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था, जो दोनों तरफ से खुल सकता है। इससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
घटनास्थल से किरोसिन, माचिस और दिया बरामद
जांच के दौरान मौके से किरोसिन तेल, माचिस और एक दिया मिला है। FSL टीम ने भी जांच की है। DSP राजेश रंजन ने बताया कि एक मग में किरोसिन तेल पाया गया है। ऐसा लग रहा है कि शरीर पर तेल डालकर आग लगाई गई है। हालांकि, पूरी सच्चाई FSL रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी।
रांची में रहते हैं पति, दिल्ली में है बेटी
पुलिस जांच में पता चला है कि महिला के पति रांची में रहते हैं और उनकी एक बेटी दिल्ली में रहती है। महिला पटना में अकेली रह रही थीं। उनके यहां एक केयर टेकर महिला भी रहती थी। बताया जा रहा है कि एक फरवरी को वे रांची से पटना लौटी थीं। इसके बाद से वे कोर्ट भी नहीं जा रही थीं। केयर टेकर के मुताबिक, रात करीब 12 बजे तक वे बरामदे में बैठी थीं। सुबह जब देखा गया तो वे जली अवस्था में पड़ी थीं। ऊपरी मंजिल पर उनके देवर रहते हैं। सुबह उन्होंने ही जली हुई लाश देखी और हंगामा मच गया।
पुरानी बिल्डिंग, कई लोग थे मौजूद
जिस मकान से शव बरामद हुआ है, वह G+1 पुरानी बिल्डिंग है। घटना के वक्त ऊपर वाले फ्लैट में परिवार के लोग और किरायेदार भी मौजूद थे। बावजूद इसके किसी को कुछ पता नहीं चला, यह भी जांच का विषय बना हुआ है।
वकीलों में शोक, निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की खबर मिलते ही पटना सिविल कोर्ट के वकीलों में शोक की लहर दौड़ गई। अधिवक्ता ऋषिकेश नारायण ने घटना पर दुख जताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सच सामने आना चाहिए।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
कदमकुआं पुलिस फिलहाल आत्महत्या, दुर्घटना और साजिश—तीनों एंगल से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। FSL रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
Also Read : पोस्टमॉर्टम से इनकार ने बढ़ाया शक, खुल गया मां का राज


