Ranchi : रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से लापता हुई 11 साल की बच्ची नेहा कुमारी टोप्पो को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार नेहा 4 फरवरी 2026 को घर वालों को बिना बताए कहीं चली गई थी। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
परिजनों ने हर जगह की तलाश
बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों, आसपास के इलाकों और जान-पहचान की जगहों पर काफी खोजबीन की, लेकिन नेहा का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार थक-हारकर परिजनों ने पुलिस का सहारा लिया।
डोरंडा थाना में दर्ज हुआ मामला
परिजनों के आवेदन पर डोरंडा थाना कांड संख्या 40/2026, दिनांक 07.02.2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया।
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बनी छापामारी टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा और हटिया DSP प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और अलग-अलग जगहों पर लगातार छापेमारी की।
तीन दिन में मिली सफलता
पुलिस की त्वरित और सतर्क कार्रवाई का नतीजा यह रहा कि आज यानी 10 फरवरी 2026 को लापता बच्ची नेहा कुमारी टोप्पो को सकुशल बरामद कर लिया गया। बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है।
Also Read : रनिंग स्टाफ की थकान पर रेलवे बोर्ड सख्त, शिकायत दर्ज करने का तरीका बदला


