Ranchi : ट्रेन चलाने वाले लोको पायलट और दूसरे रनिंग स्टाफ की थकान अगर बढ़े, तो सीधा असर यात्रियों की सुरक्षा पर पड़ता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने बड़ा और अहम फैसला लिया है। अब रनिंग रूम से जुड़ी किसी भी तरह की शिकायत सिर्फ ‘चालक दल एप’ के जरिए ही दर्ज की जाएगी।
रजिस्टर वाली शिकायतों पर लगेगी रोक
रेलवे बोर्ड के संज्ञान में आया है कि कई जोन और मंडलों में अब भी रनिंग रूम की शिकायतें पुराने तरीके से रजिस्टर में लिखी जा रही हैं। कहीं-कहीं तो अलग-अलग, खुद से बनाई गई शिकायत प्रणालियां भी चल रही हैं। इससे दिक्कत यह हो रही थी कि शिकायतें ऊपर तक नहीं पहुंच पा रही थीं और उनका कोई ठोस असर नहीं दिखता था।
अब हर शिकायत पहुंचेगी सीधे अधिकारियों तक
इसी वजह से रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को साफ निर्देश दिया है कि वे रनिंग स्टाफ को जागरूक करें और उन्हें प्रोत्साहित करें कि रनिंग रूम से जुड़ी हर समस्या अनिवार्य रूप से चालक दल एप के जरिए ही दर्ज करें। बोर्ड का मानना है कि इससे शिकायतों में पारदर्शिता आएगी और जिम्मेदारी भी तय होगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अगर लोको पायलट और रनिंग स्टाफ को रनिंग रूम में अच्छा आराम और जरूरी सुविधाएं मिलेंगी, तो उनकी कार्यक्षमता भी बेहतर होगी। इससे ट्रेन संचालन ज्यादा सुरक्षित होगा और यात्रियों की सुरक्षा और मजबूत होगी।
रनिंग रूम में आरामदायक माहौल जरूरी
रेलवे बोर्ड ने निर्देश में साफ कहा है कि लोको पायलट, असिस्टेंट लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर जब रनिंग रूम में ठहरते हैं, तो उन्हें आरामदायक और सुरक्षित माहौल मिलना बेहद जरूरी है। अच्छी नींद और सही सुविधाएं मिलने से ही ट्रेन सुरक्षित तरीके से चलाई जा सकती है।
चालक दल एप में पहले से मौजूद है शिकायत सुविधा
रेलवे बोर्ड के अनुसार, रनिंग रूम से जुड़ी शिकायत दर्ज करने की सुविधा क्रिस द्वारा विकसित चालक दल एप में पहले से ही मौजूद है। इस एप से दर्ज की गई शिकायतें सीधे सीएमएस (कंप्लेंट मैनेजमेंट सिस्टम) में पहुंचती हैं, जिससे अधिकारियों को समस्या की पूरी जानकारी मिलती है और समाधान भी जल्दी हो पाता है।
निदेशक स्तर से जारी हुआ आदेश
यह निर्देश रेलवे बोर्ड के निदेशक (विद्युत अभियान्त्रिकी – पावर ट्रैक्शन) विकास आनंद द्वारा जारी किया गया है। बोर्ड को उम्मीद है कि इस फैसले से रनिंग स्टाफ की समस्याओं का समय पर समाधान होगा और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर बनेगी।
Also Read : रांची में अतिक्रमण हटाने पर बवाल : इस इलाके में 10 घर तोड़े, परिवार बेघर (VIDEO)


