Jamshedpur : जमशेदपुर के गालूडीह थाना क्षेत्र के उलदा पंचायत में उपमुखिया शा. रानी महतो के पति और प्रज्ञा केंद्र संचालक तारापद महतो की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी निवास कुमार दुबे उर्फ छोटू दुबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी को उलीडीह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक पिस्तौल, तीन जिंदा गोली और लाल-काले रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
एसपी ने बताया कि तारापद महतो हत्याकांड में शामिल आरोपी की लोकेशन उलीडीह थाना क्षेत्र में मिलने के बाद कार्रवाई तेज की गई। एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी के निर्देश पर घाटशिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने आरोपी को उसके ससुराल से गिरफ्तार किया।
गालूडीह थाना कांड सं0 – 01/2026 दि0- 12.01.26 के फिरार अपराधी निवास कुमार दुबे को घटना में प्रयुक्त 01 पिस्टल, 03 जिन्दा गोली तथा 01 मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। 1/2 pic.twitter.com/Mbuowtefnj
— Jamshedpur Police (@Jsr_police) February 5, 2026
इससे पहले पुलिस ने एमजीएम थाना क्षेत्र के चांदनी चौक के पास वाहन जांच अभियान के दौरान इस कांड में शामिल दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब तक इस मामले में कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, तारापद महतो की हत्या के पीछे जमीन विवाद मुख्य कारण बताया जा रहा है। इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है, जिसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ग्रामीण एसपी ने कहा कि मामले की जांच लगातार जारी है और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
Also Read : जमशेदपुर पुलिस के हत्थे चढ़े दो आरोपी,एक देशी कट्टा, आठ जिन्दा गोली बरामद

