Giridih : गिरिडीह में नगर निकाय चुनाव को देखते हुए अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए गिरिडीह उत्पाद विभाग पूरी तरह एक्टिव मोड में है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने बीती देर रात बड़ी कार्रवाई की। टीम ने अवैध शराब लदे दो पिकअप वैन को जब्त किया है। इस दौरान दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली पिकअप वैन को डुमरी–फुसरो रोड से पकड़ा गया, जबकि दूसरी पिकअप वैन को सरिया थाना क्षेत्र के कोइरीडीह बाजार से जब्त किया गया। दोनों वाहनों में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लदी हुई थी, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
उत्पाद विभाग के अनुसार दोनों पिकअप वैन में कुल 141 पेटी शराब बरामद की गई है। इनमें 19 पेटी रॉयल स्टैग, 25 पेटी बी सेवन, 57 पेटी इकोनिक, चार पेटी ब्लेंडर प्राइड, 16 पेटी चैलेंज और 20 पेटी अन्य ब्रांडेड कंपनियों की शराब शामिल है।
गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों से पूछताछ की जा रही है। उत्पाद विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में खपाने की योजना थी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान अवैध शराब की बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आगे भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

Also Read : अरगोड़ा थाना के जमादार समेत 5 सस्पेंड, SSP ने की बड़ी कार्रवाई


