जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में आउटसोर्स कर्मियों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को 16 अक्टूबर तक सितंबर महीने के बकाया मानदेय का भुगतान करने का निर्देश दिया है. विभाग ने साफ कहा है कि दुर्गा पूजा और दूसरे त्योहारों से पहले किसी भी कर्मी का मानदेय बकाया नहीं रहना चाहिए.
झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में यह निर्देश दिया. बैठक में सभी जिलों में आउटसोर्स कर्मियों और एनएचएम कर्मचारियों के मानदेय भुगतान की स्थिति की समीक्षा की गई.

16 अक्टूबर तक भुगतान करने का निर्देश
बैठक में कई जिलों के अधिकारियों ने बताया कि जुलाई और अगस्त महीने तक के मानदेय का भुगतान कर दिया गया है. इस पर विशेष सचिव ने निर्देश दिया कि सितंबर महीने तक के सभी बकाया मानदेय का भुगतान 16 अक्टूबर तक पूरा किया जाए.
उन्होंने कहा कि त्योहार से पहले सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में पैसे पहुंचने चाहिए, ताकि वे बेहतर तरीके से त्योहार मना सकें. अगर किसी जिले को मानदेय भुगतान के लिए अतिरिक्त राशि की जरूरत है, तो वह तुरंत विभाग को इसकी मांग भेजे. विभाग की ओर से जरूरी राशि उपलब्ध कराई जाएगी.
सहियाओं को 12 हजार रुपये मानदेय मिला या नहीं, देनी होगी रिपोर्ट
बैठक में सहियाओं के मानदेय भुगतान की भी समीक्षा की गई. विशेष सचिव ने सभी जिलों से रिपोर्ट मांगी है कि वहां की सभी सहियाओं को 12 हजार रुपये का मानदेय मिला है या नहीं. जिलों को भुगतान से जुड़ी जानकारी और भुगतान पत्रक भी भेजने का निर्देश दिया गया है. इससे विभाग यह जांच सकेगा कि सहियाओं को निर्धारित मानदेय मिला है या नहीं और भुगतान की वास्तविक स्थिति क्या है.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, विभाग के संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल और सभी जिलों के सिविल सर्जन शामिल हुए.
विशेष सचिव ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानदेय भुगतान को प्राथमिकता दें और यह सुनिश्चित करें कि त्योहार से पहले सभी संबंधित कर्मचारियों के बैंक खातों में बकाया राशि पहुंच जाए.
Also Read : पीरियड्स पर सुप्रीम कोर्ट सख्त : कहा, स्कूलों में सुविधाएं दीजिए, नहीं तो कार्रवाई के लिए तैयार रहिए


