Ranchi : रांची में एक दर्दनाक घटना ने सबको हिलाकर रख दिया है। डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोली वारिस चौक के पास रहने वाले तौकिर अंसारी ने अपनी पत्नी तरन्नुम परवीन की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना 24 जनवरी को दोपहर में हुई थी। हत्या के बाद तौकिर फरार हो गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया और लगातार तलाशी ले रही थी। लेकिन बीती देर रात तौकिर की बॉडी फंदे पर लटकी मिली।

पुलिस के मुताबिक, तरन्नुम परवीन के भाई मो. मोजाहिद ने डोरंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 24 जनवरी को तौकिर की चाची ने फोन पर सूचना दी कि उनकी बहन की हत्या हो गई है। तौकिर ने तरन्नुम के सिर पर बंदूक से गोली मारी। मोजाहिद जब बहन के घर पहुंचे तो उनके भांजे अरहाम ने बताया कि पिता ने मां को गोली मारी और फिर उन्हें बिस्तर पर लिटाकर हाथ में बंदूक रख दी।

शिकायत में कहा गया कि तौकिर अक्सर पत्नी को मारपीट और प्रताड़ित करता था। उसका निशा केरकेट्टा नाम की महिला से संबंध था, जिसका तरन्नुम विरोध करती थी। इसी वजह से तौकिर ने पत्नी को रास्ते से हटा दिया। प्राथमिकी में तौकिर और निशा के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। पुलिस छापेमारी कर रही थी, लेकिन आरोपी ने खुदकुशी कर ली।
Also Read : विसर्जन जुलूस में हिंसा : रजरप्पा पुलिस पर पथराव, 10 गिरफ्तार

