Palamu : पलामू जोन के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को हुसैनाबाद स्थित एसडीपीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। पहुंचते ही एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब ने उन्हें बुके देकर स्वागत किया। आईजी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख और पुलिस व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद अनुमंडलाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और क्षेत्र के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आईजी ने विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण पर जोर देते हुए कहा कि लंबित मामलों का निपटारा अविलंब किया जाए। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर उग्रवादी गतिविधियों की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया।
आईजी ने कहा कि पुलिस अधिकारियों को सजग, संवेदनशील और जवाबदेह रहना होगा। प्रत्येक घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए और अपराधियों के खिलाफ कड़े और प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और क्षेत्र में लगातार गश्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया। हुसैनाबाद क्षेत्र की भौगोलिक संवेदनशीलता का हवाला देते हुए आईजी ने कहा कि बिहार सीमा से सटे इस क्षेत्र में चुनावी समय में अतिरिक्त सतर्कता आवश्यक है। सभी सीमावर्ती मार्गों पर चेकनाका स्थापित कर वाहन और व्यक्ति की गहन जांच की जाए ताकि अवैध गतिविधियों पर समय रहते रोक लग सके।
आगामी नगर पंचायत चुनाव को लेकर आईजी ने साफ कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या बाहरी हस्तक्षेप को शुरुआती स्तर पर ही रोका जाए। इसके लिए इंटेलिजेंस इनपुट, रात्रि गश्ती और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक में अनुमंडलाधिकारी गौरांग महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस. मोहम्मद याकूब, सर्किल इंस्पेक्टर विनोद राम, हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी, हैदरनगर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, मोहम्मदगंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन, देवरी ओपी प्रभारी बबलू कुमार, दंगवार ओपी प्रभारी सोनू गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read : नशे के कारोबार पर हजारीबाग पुलिस का बड़ा वार, 70 एकड़ अफीम की अवैध खेती नष्ट

