Jamtara : जामताड़ा सदर थाना को नया प्रभारी मिल गया है। पिछले करीब एक पखवारे से थाना प्रभारी को लेकर बनी असमंजस की स्थिति गुरुवार को समाप्त हो गई, जब इंस्पेक्टर मनोज कुमार महतो ने सदर थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान थाना प्रभारी राजेश मंडल से विधिवत रूप से कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण के दौरान नगर प्रभाग के पुलिस एसआई अब्दुल रहमान सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। कार्यभार संभालने के बाद नए थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने मीडिया से बातचीत की और अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र में पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम करेगी। कानून व्यवस्था को और मजबूत करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी। इसके लिए आवश्यक और सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
मनोज कुमार महतो ने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनका त्वरित समाधान किया जाएगा। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नए थाना प्रभारी के पदभार संभालने के बाद सदर थाना क्षेत्र में सक्रिय और प्रभावी पुलिसिंग की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय लोगों को भी उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में शांति व्यवस्था और सुरक्षा और बेहतर होगी।
Also Read : अतिक्रमण को लेकर सख्त हुआ नगर निगम, चर्च रोड से कर्बला चौक तक कब्जा मुक्त हुई सकड़

