Patna : लैंड फॉर जॉब मामले में राजद अध्यक्ष और पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने इस केस में लालू यादव समेत 40 से अधिक आरोपियों पर आरोप तय कर दिए हैं। सीबीआई की विशेष अदालत ने सभी पक्षों की सुनवाई के बाद यह आदेश दिया।
अदालत का कहना है कि मामले में आरोपियों के खिलाफ सुनवाई आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। अब इस केस में नियमित ट्रायल शुरू होगा, जिसमें सीबीआई अपनी ओर से सबूत पेश करेगी। इस मामले में लालू यादव के साथ उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी तथा बेटी मीसा भारती पर भी आरोप तय किए गए हैं।
सीबीआई के अनुसार, लालू यादव के रेल मंत्री रहने के दौरान रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरियों के बदले जमीन ली गई थी। यह जमीन लालू परिवार और उनके नजदीकी लोगों के नाम पर कराई गई। एजेंसी का आरोप है कि यह पूरा मामला 2004 से 2009 के बीच का है।
वहीं, सभी आरोपियों ने खुद को बेगुनाह बताते हुए कहा है कि यह मामला राजनीतिक बदले की भावना से दर्ज किया गया है। अदालत में सीबीआई ने यह भी जानकारी दी कि इस केस में नामजद कुल 103 आरोपियों में से पांच की मौत हो चुकी है।
अब अदालत में इस बहुचर्चित मामले की आगे सुनवाई होगी, जिस पर सबकी नजरें टिकी हैं।


