Dhanbad : धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा सत्यम नगर के पास हुआ था। इस दुर्घटना में एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार नए साल के पहले दिन सत्यम नगर के पास सड़क किनारे खड़ी एक महिला और युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि गिरिडीह निवासी मुदीका खातून गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सत्यम नगर-बरवाअड्डा-धनबाद मुख्य सड़क पर जमा हो गए और जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग करने लगे। इस हादसे में घायल युवक की पहचान तौफीक अंसारी के रूप में हुई है, जो बीआईटी सिंदरी का छात्र बताया जा रहा है। उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मृत महिला और घायल युवक के परिजनों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई, घायल युवक के बेहतर इलाज और मृत महिला के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Also Read : काराकास में अमेरिकी कार्रवाई के बाद हड़कंप, भारत ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

