Jamtara : जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई की 101वीं जयंती एवं सुशासन दिवस के अवसर पर अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय लोग शामिल हुए।
मुख्य वक्ता राज सिन्हा ने अटल जी के जीवन पर डाली रोशनी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता धनबाद के विधायक राज सिन्हा रहे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई का जन्म मध्यप्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। उन्होंने भारतीय जनसंघ की स्थापना के बाद लंबे समय तक संघर्ष किया और देश के प्रधानमंत्री बने। प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में सुशासन की मजबूत नींव पड़ी। राज सिन्हा ने कहा कि अटल जी सिर्फ एक राजनेता नहीं थे, वे एक संवेदनशील कवि और लेखक भी थे। कठिन हालात में भी वे अपने विचारों से देश को दिशा देते थे।
अंतरराष्ट्रीय दबाव में भी लिया मजबूत फैसला
उन्होंने कहा कि जब भारत पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों का खतरा था, तब विपक्ष में होने के बावजूद अटल जी को जेनेवा वार्ता के लिए भेजा गया। इससे उनके अनुभव और देशहित की सोच का पता चलता है। अमेरिका जैसे ताकतवर देशों के विरोध के बावजूद उन्होंने सफल परमाणु परीक्षण कर भारत को मजबूत राष्ट्र बनाया।

सड़क, गांव और अर्थव्यवस्था को दी नई दिशा
राज सिन्हा ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेई के कार्यकाल में राष्ट्रीय राजमार्गों का बड़ा विस्तार हुआ। इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली और एक स्थान से दूसरे स्थान तक सामान पहुंचाना आसान हुआ। गांवों को सड़कों से जोड़ने का काम भी उन्हीं की सोच का परिणाम था। उन्होंने कहा कि भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान अटल जी खुद सीमा तक पहुंचे और सैनिकों का मनोबल बढ़ाया। यह उनके साहस और नेतृत्व को दिखाता है।
13 दिन के प्रधानमंत्री का भाषण आज भी प्रेरणा
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई केवल भाजपा के नहीं, बल्कि पूरे देश के नेता थे। उन्होंने 13 दिन के प्रधानमंत्री कार्यकाल में संसद में जो भाषण दिया, वह आज भी हर देशभक्त को प्रेरित करता है। उन्होंने कहा था कि सत्ता आती जाती रहती है, लेकिन देश हमेशा मजबूत रहना चाहिए।
झारखंड राज्य निर्माण को बताया ऐतिहासिक फैसला
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई ने झारखंड को अलग राज्य का दर्जा देकर यहां के लोगों के लिए ऐतिहासिक कार्य किया। यह झारखंडवासियों के लिए हमेशा यादगार रहेगा। पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय ने कहा कि आज भाजपा जिस स्तर पर पहुंची है, उसके पीछे अटल बिहारी वाजपेई का संघर्ष और नेतृत्व है।

कार्यक्रम का संचालन और उपस्थिति
कार्यक्रम का मंच संचालन जिला महामंत्री मितेश शाह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री मोहन शर्मा ने दिया। इस मौके पर किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता झा, मिहिजाम नगर परिषद अध्यक्ष कमल गुप्ता, सुनील हांसदा, महेंद्र मंडल, लोकेश महतो, सुकुमार सरखेल, पुष्पा सोरेन, प्रदीप राउत, द्वारिका सिंह, अजित पासवान, शुभम साव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Read : रांची एयरपोर्ट से चार उड़ानें रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी



