Ranchi : बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सोमवार को ऑपरेशनल कारणों से चार उड़ानें रद्द कर दी गईं। अचानक उड़ानें रद्द होने की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी, जबकि कुछ लोग वैकल्पिक फ्लाइट की जानकारी लेते नजर आए।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार रद्द की गई सभी उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस की थीं। इनमें कोलकाता से रांची और रांची से कोलकाता आने-जाने वाली दो उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली और पटना रूट की एक-एक फ्लाइट भी रद्द की गई। रद्द हुई उड़ानों में कोलकाता–रांची–कोलकाता की फ्लाइट संख्या 6ई 7089/7014 और 6ई 7674/7235, दिल्ली–रांची–दिल्ली की फ्लाइट 6ई 6287/576 तथा पटना–रांची–पटना की फ्लाइट 6ई 6902/925 शामिल हैं।
सुबह से ही कई यात्री एयरपोर्ट पर अपनी फ्लाइट की स्थिति को लेकर परेशान दिखे। कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्हें उड़ान रद्द होने की जानकारी देर से मिली, जिससे समय और पैसे दोनों का नुकसान हुआ। वहीं, एयरलाइन काउंटर पर यात्रियों की भीड़ भी देखी गई।
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सुरक्षा और संचालन से जुड़े कारणों को ध्यान में रखते हुए उड़ानें रद्द की गई हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट, कॉल सेंटर या आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जरूर जांच लें। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन ने एयरलाइन कंपनियों को निर्देश दिया है कि यात्रियों को समय पर सही जानकारी दी जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि स्थिति सामान्य होते ही उड़ानों का संचालन नियमित रूप से किया जाएगा।
Also Read : ओलचिकी लिपि से संथाली भाषा का पढ़ाई सुनिश्चित करने के लिए सरकार वचनबद्ध : सीएम


