Johar Live Desk : सोने की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। गुरुवार की सुबह दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव बढ़कर 1,34,670 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जबकि मुंबई में यह 1,34,520 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती मांग के चलते सोने की कीमतों में यह तेजी आई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर सूचकांक के दो महीने के निचले स्तर पर आने से अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए सोना सस्ता हुआ है, जिससे वैश्विक बाजार में मांग बढ़ी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का हाजिर भाव 4,321.06 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ है, जो रिकॉर्ड स्तर के करीब है।
देश के प्रमुख शहरों की बात करें तो दिल्ली और जयपुर में 22 कैरेट सोने का भाव 1,23,460 रुपये और 24 कैरेट का भाव 1,34,670 रुपये प्रति 10 ग्राम है। मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरु में 22 कैरेट सोना 1,23,310 रुपये और 24 कैरेट सोना 1,34,520 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। अहमदाबाद और भोपाल में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,34,570 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है। सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी तेजी बनी हुई है। गुरुवार सुबह चांदी का भाव बढ़कर 2,08,100 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव 66.52 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर है।
चांदी की कीमतों में उछाल के पीछे सप्लाई की कमी, सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग, सिल्वर ईटीएफ में निवेश और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें प्रमुख कारण मानी जा रही हैं। इसके अलावा, चीन द्वारा 2026 से चांदी के निर्यात पर रोक लगाने की संभावित योजना की खबरों ने भी बाजार में तेजी को और मजबूती दी है। इस साल अब तक चांदी की कीमतों में करीब 127 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
Also Read : डॉग बाइट से राहत की पहल, बिहार के सभी जिलों में खुलेंगे डॉग शेल्टर


