Mumbai : शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला आज भी जारी रहा। बीएसई का सेंसेक्स 41 अंकों की गिरावट के साथ 84,518 के स्तर पर खुला। वहीं एनएसई का निफ्टी 50 भी 53 अंक नीचे फिसलकर 25,765 पर खुला। लगातार तीन कारोबारी सत्रों से बाजार में कमजोरी बनी हुई है। वैश्विक बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों का असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिख रहा है। गिफ्ट निफ्टी से भी बाजार की सपाट से हल्की नकारात्मक शुरुआत के संकेत मिले थे।
बुधवार को भी बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 120 अंक टूटकर 84,559.65 पर और निफ्टी 42 अंक गिरकर 25,818.55 पर बंद हुआ था। एशियाई बाजारों में भी कमजोरी देखने को मिली। हांगकांग, जापान और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले। अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पहले निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं।
वॉल स्ट्रीट में भी बिकवाली का दबाव रहा। अमेरिकी बाजार लगातार चौथे दिन गिरावट के साथ बंद हुए। एआई से जुड़े शेयरों में तेज बिकवाली देखी गई, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ।
इस बीच अमेरिकी डॉलर में मजबूती बनी हुई है। दुनिया के कई देशों में केंद्रीय बैंकों के फैसलों से पहले मुद्रा बाजार में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। कुल मिलाकर, कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते भारतीय शेयर बाजार पर दबाव बना हुआ है और निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।


