Johar Live Desk : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज 26 मार्च, गुरुवार से होगा और फाइनल मुकाबला 31 मई, रविवार को खेला जाएगा। अभी तक BCCI ने पूरे मैचों का शेड्यूल जारी नहीं किया है, लेकिन IPL के CEO हेमांग अमीन ने नीलामी से पहले इसकी तारीखों की पुष्टि कर दी है।
इस साल IPL का आयोजन टी-20 वर्ल्ड कप के लगभग तीन हफ्ते बाद होगा। टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका में प्रस्तावित है। IPL के उद्घाटन मैच को लेकर अभी कुछ अनिश्चितता बनी हुई है। परंपरा के अनुसार पहला मैच मौजूदा चैंपियन टीम के घरेलू मैदान पर खेला जाता है, लेकिन बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की उपलब्धता अभी सुनिश्चित नहीं है। इस मुद्दे पर हाल ही में अबू धाबी में हुई प्री-ऑक्शन बैठक में चर्चा हुई। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KCA) को स्टेडियम में मैचों के आयोजन की सशर्त अनुमति मिली है।
स्टेडियम की अनिश्चितता का कारण 4 जून की वह भगदड़ है, जिसमें RCB की जीत के जश्न के दौरान 11 दर्शकों की मौत हो गई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने स्टेडियम में बड़े आयोजनों पर सख्त रुख अपनाया है। इसी वजह से महिला वर्ल्ड कप के कुछ मैच बेंगलुरु से स्थानांतरित किए गए थे।
मिनी ऑक्शन से पहले 19 नए खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट में जोड़ा गया, जिससे कुल खिलाड़ी संख्या 369 हो गई। इनमें अभिमन्यु ईश्वरन, मणि शंकर मुरा सिंह, वीरंदीप सिंह, चामा मिलिंद, केएल श्रीजिथ, एथन बॉश, क्रिस ग्रीन, स्वस्तिक चिकारा, राहुल राज नमाला, विराट सिंह, त्रिपुरेश सिंह, काइल वेरेने, ब्लेसिंग मुज़ाराबानी, बेन सियर्स, राजेश मोहंती, स्वस्तिक सामल, सरांश जैन, सूरज संगराजू और तनमय अग्रवाल शामिल हैं।
इस बार IPL और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) की तारीखें टकरा रही हैं। PSL का शेड्यूल 26 मार्च से 3 मई तक रखा गया है, यानी दोनों लीग लगभग एक ही समय पर खेली जाएंगी।


