JoharLive Desk : भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार को धर्मशाला में खेला जाएगा। मैच से पहले भारतीय टीम आज अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। बीसीसीआई की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार टीम इंडिया शाम 7:30 बजे से रात 10 बजे तक अभ्यास करेगी।
दक्षिण अफ्रीका टीम के लिए शाम 4:30 बजे से 7:30 बजे तक नेट सेशन प्रस्तावित था, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मेहमान टीम अभ्यास नहीं करेगी और केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होगी। दोनों टीमें शुक्रवार को ही चार्टर प्लेन से चंडीगढ़ से गगल एयरपोर्ट पहुंच चुकी हैं।
मैच से एक दिन पहले धर्मशाला के मौसम में बदलाव देखा गया है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे रात के समय ठंड बढ़ने की संभावना है। हालांकि बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन धौलाधार की पहाड़ियों पर हल्का हिमपात हो सकता है। हिमाचल की ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी का पूर्वानुमान है। ऐसे में मैच के दौरान ठंडी हवाएं चल सकती हैं, जो गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच रह सकता है।
धर्मशाला में मैच शाम 7 बजे शुरू होकर रात करीब 11 बजे तक चलेगा। ठंड को देखते हुए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने दर्शकों को गर्म कपड़े साथ लाने की सलाह दी है।
यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि पांच मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। चंडीगढ़ में खेले गए पिछले मैच में भारत को 51 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में धर्मशाला का यह मुकाबला सीरीज में बढ़त हासिल करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


