Bhagalpur : भागलपुर में ट्रेन पर चढ़ते समय एक महिला फिसल गई, लेकिन समय रहते RPF जवान ने उसे पकड़कर सुरक्षित प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आरपीएफ पोस्ट भागलपुर के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) संजीव कुमार झा मंगलवार को किउल–मालदा इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन को पास कराने के लिए पोस्ट ऑफिस संख्या 1 के पास राउंड कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक महिला ट्रेन पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, लेकिन उसका पैर फिसल गया। ASI झा ने तुरंत दौड़कर महिला को पीछे की ओर खींचा और उसकी जान बचा ली।
हादसे के समय आसपास मौजूद लोग भी डर गए थे, लेकिन ASI झा की सतर्कता ने बड़ा हादसा टाल दिया। महिला का नाम सोनी देवी बताया गया है, जो कहलगांव के कालीगंज की रहने वाली हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जान बचने में ASI झा की तत्परता का बड़ा हाथ है।
सोनी देवी और उनके पति मनीष कुमार साह ने आरपीएफ विभाग का आभार व्यक्त किया। वहीं आरपीएफ AK गिरी ने यात्रियों से अपील की है कि किसी भी हालत में चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे बड़ा हादसा हो सकता है।


