Vaishali : जिले के हाजीपुर-लालगंज रोड पर मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे एक भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कंचनपुर धनुषी के पास हुआ, जब एक बस ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ऑटो के ऊपर का हिस्सा पूरी तरह उड़ गया। हादसे के बाद ऑटो में बैठे लोग सड़क पर इधर-उधर गिर गए। जानकारी के अनुसार, ऑटो हाजीपुर से लालगंज की ओर जा रही थी और बस लालगंज से हाजीपुर की ओर। दोनों वाहन तेज गति (बस 70 और ऑटो 60 किलोमीटर प्रति घंटा) में थे।
स्थानीय पुलिस और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। मृतकों की पहचान काजीपुर थाना क्षेत्र के श्यामचक निवासी मोहम्मद दिलशेर, रहीमपुर गांव निवासी शंभू साह के बेटे राजीव कुमार और 25 साल के राजगीर कुमार के रूप में हुई। दो घायलों की पहचान लालगंज सिरहन निवासी रंजन कुमार और लालगंज पोजिया निवासी सन्नी कुमार के रूप में हुई है।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बस पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। बस में सवार यात्री किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ड्राइवर की तलाश में है।


