Patna : पटना एयरपोर्ट पर आज यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। पिछले कई दिनों से उड़ानें रद्द हो रही थीं, लेकिन आज हालात और खराब हो गए। कुल 24 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं, जिनमें सबसे ज्यादा हैदराबाद की 8 और दिल्ली की 6 उड़ानें शामिल रहीं। अचानक इतने बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ गई हैं।
आज रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद और बेंगलुरु से पटना आने वाली कई फ्लाइट्स शामिल थीं। इसी तरह, पटना से इन शहरों के लिए जाने वाली उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। इससे एयरपोर्ट पर अफरा–तफरी जैसा माहौल बन गया और लोग घंटों लाइन में खड़े रहे।
फ्लाइट रद्द होने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों की कनेक्टिंग अंतरराष्ट्रीय उड़ानें छूट गईं, जबकि कुछ लोग बिजनेस मीटिंग, मेडिकल अपॉइंटमेंट और शादी समारोहों के लिए निकले थे, जो अब एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। दूसरी एयरलाइंस के टिकट भी अचानक महंगे हो गए हैं, जिससे लोगों का खर्च काफी बढ़ गया है। होटल और यात्रा पर अतिरिक्त पैसे भी खर्च करने पड़ रहे हैं।
इंडिगो की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि उड़ानें “ऑपरेशनल कारणों” की वजह से रद्द की गई हैं। यात्रियों को रिफंड, क्रेडिट शेल या दोबारा टिकट बुक कराने का विकल्प दिया जा रहा है। साथ ही लोगों को वेबसाइट, ऐप या कस्टमर सपोर्ट पर अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।


